राधा नाथ बड अपरूप लीला
राधा के स्वामी अत्यन्त अद्भुत लीलाएँ करते हैं। एक किशोर और एक किशोरी एक ही रूप में मिल गए हैं, वह रूप नवद्वीप में प्रकट हुआ है।
राधा के स्वामी अत्यन्त अद्भुत हैं। अब वे स्वयं को श्री चैतन्य नाम से पुकारते हैं। उनका रूप पिघले सोने के समान तेजोमय है। वे दीन पतित जीवों पर अत्यन्त दयालु हैं।
राधा के स्वामी के अद्भुत सहचर हैं। उनके सहचरों में निताई, अद्वैत आचार्य, श्रीवास, स्वरूप दामोदर और रामानन्द राय सम्मिलित हैं।
हे राधा के स्वामी, मैं सनातन गोस्वामी, रूप गोस्वामी, रघुनाथ दास गोस्वामी, लोकनाथ गोस्वामी, रघुनाथ भट्ट गोस्वामी और गोपाल भट्ट गोस्वामी के साथ आपकी लीलाओं का वर्णन कैसे करूँ?
हे राधा के स्वामी, भक्तों से मिलकर आप कीर्तन की लीलाएँ करते हैं। प्रेम में डूबकर आप नृत्य करते हैं। चारों ओर बड़ी धूम मच जाती है। आप सभी को प्रेम का दान देते हैं।
हे राधा के स्वामी, मैं अत्यन्त दुर्भाग्यशाली हूँ। मैं उस समय आपके दिव्य प्रेम के उपहार को पाने के लिए उपस्थित क्यों नहीं था?
हे राधा के स्वामी, मैं अत्यन्त दुःखी हूँ। मैं उस समय जन्मा नहीं था। मुझे आपके दर्शन का सुख नहीं मिला।
हे राधा के स्वामी, आपके विषय में कहने के लिए मैं क्या जानता हूँ? गौरसुन्दर दास को केवल यह विश्वास है कि आप उसका उद्धार करेंगे।