कृष्णेर जतेक खेला तार मध्ये नर लीला
कृष्ण की समस्त लीलाओं में उनकी नर-लीला ही सर्वश्रेष्ठ है, और वही रस का आश्रय-स्थान है। यह रस गोलोक में भी नहीं मिलता, तो फिर मैं इसे कहाँ पाऊँ? कृपया मुझे बताओ। व्रज-धाम ही वह स्थान है जहाँ यह रस निवास करता है।
कृष्ण की नित्य-लीला दो प्रकार की है: सान्तर और निरन्तर। रसिक भक्त इन्हीं लीलाओं का ध्यान करते हैं। कृष्ण का जन्म, बड़ा होना, दैत्यों का नाश और मथुरा-द्वारका में निवास, ये सब सान्तर नित्य-लीला में गिने जाते हैं।
श्रीकृष्ण दिन-रात के आठों प्रहर व्रजवासियों के साथ अत्यन्त प्रेमपूर्वक अपनी निरन्तर लीला करते रहते हैं। यह लीला कभी नहीं रुकती। हे भाइयों, ब्रह्मा, शिव और शेष भी इस नित्य-लीला को नहीं देख सकते।
ज्ञान और योग को दूर फेंक दो। शुद्ध प्रेम की दृष्टि से ही इन आनन्दमय लीलाओं को देखो, जो भक्तों के जीवन का आधार हैं और उनके हृदय का सबसे बड़ा सम्बल हैं।