माया बद्ध जत खण थाके तो' जीबेर मन
हे कृष्ण! जब तक जीव माया के बंधन में रहते हैं, तब तक उनका मन भौतिक वस्तुओं में ही उलझा रहता है, वे केवल जड़ पदार्थों का ही चिन्तन करते हैं। उनका मन ज्ञान से भरे उस दिव्य आकाश को नहीं देख पाता, जहाँ आप स्वयं निवास करते हैं।
भक्ति और कृपा की तलवार से हृदय जड़ के बंधन काट डालता है और प्रकृति के पार चला जाता है। तब वह आपके अनुपम, सुंदर रूप को निहारता है, जिसके आगे सारी जड़ वस्तुएँ तुच्छ हो जाती हैं।
हे प्रभु, आपकी महिमा और ऐश्वर्य का कोई अन्त नहीं है, आप कृपा के सागर हैं, आप सभी जीवों के स्वामी हैं। दीन भक्तिविनोद, जिसके पास शुद्ध भक्ति नहीं है, बार-बार आपसे शुद्ध भक्ति की ही भिक्षा माँगता है।